Showing posts with label गीत. Show all posts
Showing posts with label गीत. Show all posts

गीत -- निर्मल प्रकाश श्रीवास्तव

जुलाई-अक्टूबर 10 ---------- वर्ष-5 अंक-2
--------------------------------------------------------
गीत-निर्मल प्रकाश श्रीवास्तव

जीने के है कुछ रास्ते प्यार की इस अंगनाई में।
बिना प्यार के कुछ न मिलेगा क्या है हाथापाई में।।
कभी उठाओ नहीं लाठियाँ,
अगर जोश भी आता है।
गोली और गालियाँ छोड़ो,
अगर रोष भी आता है।
हम भोले भाले क्या जाने क्या है इस ठकुराई में।
बिना प्यार के कुछ न मिलेगा क्या है हाथापाई में।।
अंधे बनकर कभी नहीं
हम जीत सकेंगे भावना।
तन कर कोई कैसे करेगा,
हर मुश्किल का सामना।
झुक कर कितनों को जीता है, हमने भी चतुराई में।
बिना प्यार के कुछ न मिलेगा क्या है हाथापाई में।।
रूठ जायेंगे सुन करके यदि,
थोड़ी-थोड़ी बातों को।
फिर कैसे सह पायेंगे हम,
दुख से भरी बरसातों को।
बहुत कीमती समय गँवाया, हमने इस रुसवाई में।
बिना प्यार के कुछ न मिलेगा क्या है हाथापाई में।।
अगर दिलों में जलने लग,
जाए कोई अंगारा
उसे बुझा दो दिल में ही है
एक सरस जल धारा।
जैसे हास्य रुँदन छिप जाते, दो ही शहनाई में।
बिना प्यार के कुछ न मिलेगा क्या है हाथापाई में।।

==================================
ग्राम व पोस्ट - सतांव,
जिला रायबरेली (उ0प्र0)

Read more...

गीत-अश्विनी कुमार ‘आलोक’

जुलाई-अक्टूबर 10 ---------- वर्ष-5 अंक-2
--------------------------------------------------------
गीत-अश्विनी कुमार ‘आलोक’

आज बचा लो फूलों को तुम इनमें प्रेम खिला है
जाने कितना अपनापन मिट्टी का इन्हें मिला है।
अपनेपन में अपनों सी
खुशबू मिट्टी देती है
फूलों में यौवन हँसता है
देह इसे लेती है
इस पड़ाव में उम्र
ठहरकर ही जीती जाती है
पता नहीं, किस इन्द्रधनुष में
कौन रंग लाती है
अंगारे बरसाते होंठों से संसार हिला है।
मर्यादा पत्थर की लेकर
नम्र पहाड़ बने हैं
एक तरह की मिट्टी से ही
सारे शृंगार बने हैं
रखती हैं नदियाँ भी प्रायः
नेह नगर की चादर
जंगल-जंगल दे जाते हैं
पूजा जैसे आदर
ले आती है कहाँ-कहाँ से गीत-गंध अनिला है।
तुम जितना ले सको
वहीं तक सपनों को चुन लेना
सम्बन्धों का क्षेत्र बहुत ही
व्यापक है सुन लेना
लोगों तो देने का दर्द
उठाना भी पड़ सकता
खड़े-खड़े उस महाहिमालय
में कुछ लघु भटकता
नदियाँ हैं, जंगल हैं, झरना, पर्वत संग शिला है।

==================================
प्रभा निकेतन,
पत्रकार कॉलोनी, महनार, वैशाली-844506

Read more...

गीत -- सुभाष गुप्त ‘स्नेही’ -- बुरी नजर किसने लगा दी?, गीत गाये हम मिलन के

जुलाई-अक्टूबर 10 ---------- वर्ष-5 अंक-2
--------------------------------------------------------
गीत-सुभाष गुप्त ‘स्नेही’

बुरी नजर किसने लगा दी?

वतन में मजहबी हवा, किसने चला दी फिर से?
हर जगह आज यह आग, किसने लगा दी फिर से?
हम तो सोचते थे, आजाद वतन हो ही गया।
दिल पे चाबी कौम की, किसने लगा दी फिर से?
गुल चमन में रह के भी, रहता है संग शूल के।
फिर अलगाव की आँधी, किसने चला दी फिर से?
बेशक बहु भाषा, अनेक कौम और मजहब हों,
इन सुन्दर पुष्पों में आग, किसने लगा दी फिर से?
करते सभी धर्म-मजहब, इंसानियत की इबादत।
आज यों मन में नफरत, किसने फैला दी फिर से?
एक हम रहे यहाँ तो उल्फत, बनेगा धर्म-मजहब।
पाक-रस्मों की रंगोली, किसने मिटा दी फिर से?
‘स्नेही’ जलता आशियाँ, खुद के चिराग से आज।
बुरी नजर अब वतन पे, किसने लगा दी फिर से?

==================================

गीत गाये हम मिलन के

आज गगन झुक के, धरा पर कह रहा।
आओ गीत गायें, हम मिलन के।।
यत्र-तत्र फैला है जो, वैमनष्य-गरल।
अमृत बना, गीत गायें, हम मिलन के।
भुला धर्म-मजहब, कौम की दूरियाँ।
आओ गीत गायें, हम मिलन के।।
न जाने कब, जीवन-दीप बुझ जाये?
आज सभी गीत गायें, हम मिलन के।।
प्रेम-पावस बिना, शुष्क हृदय-क्षेत्र को।
प्रेम-सिक्त कर, गीत गायें हम मिलन के।।
फूट की सर्वत्र चलती, इस आँधी को।
आज रोक गीत गायें, हम मिलन के।।
देश है अपना, सभी तो हैं अपने।
गुलदस्ता बन, गीत गायें हम मिलन के।।
‘स्नेही’ पढ़ाओ पाठ, मानवता के।
आओ फिर गीत गायें, हम मिलन के।।

==================================
द्वारा शिवमंगल सिक्योरिटीज प्रा0लि0
1-आर0 एन0 मुखर्जी रोड,
पाँचवाँ तल, रूम नं0 30, कोलकाता-700001

Read more...

गीत -- दिनेश चन्द्र दुबे -- याद, मौन के स्वर

जुलाई-अक्टूबर 10 ---------- वर्ष-5 अंक-2
--------------------------------------------------------
गीत-दिनेश चन्द्र दुबे
याद

ऐसी घिरी घटा सी याद,
मन तरसा, फिर वर्षों बाद,
ऐसे लिखे गीत, यादों ने
बरसे मेघ, युगों के बाद।।

ऐसी घिरी चाँदनी मुख पर,
बरसी कविता, खुद अधरों पर,
तुमने गाया, गीत कभी था,
आया आज, अचानक लव पर,
उठी कलम लो वर्षों बाद,
ऐसी घिरी घटा सी याद।।
साज उठा लूँ, या कुछ गा लूँ,
या फिर रूठी कलम मना लूँ,
आना फिर कल मेघ अभी मैं,
अपना सूना बाग सजा लूँ,
ऐसा शीतल झोंका मन में,
फिर आया वर्षों के बाद।।

==================================

मौन के स्वर

मौन सन्नाटों की,
आ उम्र पियें,
इन अधरों में,
आ और जियें।।

कितनी बातें हैं,
सुनें इनकी सनम,
उम्र की सारी तपिश,
आ भूलें तो हम,
बोलें हम कुछ भी नहीं
इनकी सुनें।।
कितने तड़पे हैं,
अंधेरे में हम तुम,
साँस चलती थी,
मगर, हैरत में थे हम,
कान से कान लगा,
मौन सुनें।।
कितने कातिल थे,
अंधेरे अब तक,
कौन करता फिर सबर,
बोलो कब तक,
मौन भाषा का तेरी,
अर्थ गुनें।।

==================================
68, विनय नगर 1,
ग्वालियर (म0प्र0) पिन-474012

Read more...

गीत-पी0 एस0 भारती

जुलाई-अक्टूबर 10 ---------- वर्ष-5 अंक-2
--------------------------------------------------------
गीत-पी0 एस0 भारती

कारवाँ चलता रहे तो कारवाँ कहलाता है,
रुक गया केवल पड़ाव मात्र ही रह जाता है।

गाँव कस्बे हैं जभी तक उनमें जीवन गीत है,
बहती जो पावन पवन अपने में ही संगीत है,
चलती दरिया धार देती जल हमें निर्झर सदा,
क्योंकि जीवन के लिए चलना ही इसकी रीत है।
हर नया झोंका हवा का प्राण नव भर जाता है।
कारवाँ चलता रहे तो कारवाँ कहलाता है।।

समय संग-संग चले पग जब चेतना से पूर्ण मन हो,
प्राप्त हो पीयूष पावन जब उमंगें भरा तन हो,
गीत की लय झनझनाती उर की तन्त्री भीगती,
शब्द के भावार्थ के पट खोलती गीत आगमन हो।
पथ के कंटक को ही चुनना शिखर पर पहुँचाता है।
कारवाँ चलता रहे तो कारवाँ कहलाता है।।

कामना की भावना के गीतों को गाते रहो,
लक्ष प्राप्ति की लगन की अलख सुलगाते रहो,
चाह शीतल छाँव की आराम की तुम मत करो,
राह अंगारों की चलना है शपथ खाते रहो।
अन्ततः चलती लहर है तब किनारा आता है।
कारवाँ चलता रहे तो कारवाँ कहलाता है।।

==================================
105/5 बी, उमंग,
महानगर-।, बरेली (उ0प्र0)

Read more...

गीत-नीरज पाण्डेय

जुलाई-अक्टूबर 10 ---------- वर्ष-5 अंक-2
--------------------------------------------------------
गीत-नीरज पाण्डेय

मैं काली कामरिया जिस पर
दूजा रंग नहीं चढ़ता है।
कोई रंग जब कभी मुझ पर
आया अपना रंग जमाने
मैं तो रहा यथावत वह ही
उल्टा मुझमें लगा समाने
मैं जितना भीगूँ उतना ही
मेरा वजन और बढ़ता है।
मैं काली कामरिया जिस पर
दूजा रंग नहीं चढ़ता है।
जिसके जैसे जी में आये
मेरे हाव-भाव को जाँचे
मेरे चेहरे की पुस्तक को
जो चाहे जैसे भी बाँचे
मुझे नहीं परवाह कि कोई भी
मुझमें क्या-क्या पढ़ता है।
मैं काली कामरिया जिस पर
दूजा रंग नहीं चढ़ता है।
नहीं किसी से अनबन अपनी
सब लोगों से है याराना
नहीं पराया कहा किसी को
सबको मैंने अपना माना
फिर भी समय न जाने
कैसी-कैसी अफवाहें गढ़ता है।
मैं काली कामरिया जिस पर
दूजा रंग नहीं चढ़ता है।

==================================
बी0पी0ए0 मेमोरियल पब्लिक स्कूल
सताँव - रायबरेली (उ0प्र0)

Read more...

गीत -- राधेश्याम योगी -- बस मिलने की लाचारी है

जुलाई-अक्टूबर 10 ---------- वर्ष-5 अंक-2
--------------------------------------------------------
गीत-राधेश्याम योगी
बस मिलने की लाचारी है

किस तरह उऋण होऊँ तुमसे? कैसे प्राणों की बात कहूँ?
जो कुछ भी आज पास मेरे, सब पर तो मोहर तुम्हारी है
बस मिलने की लाचारी है।
छै दशक हो गये जब हम तुम, घंटों बैठे बतियाते थे
उन्माद भरी साँसें होतीं, हम जाने क्या-क्या गाते थे
स्पर्श-दूर ही रहे खड़े, तन मछरी जैसे तड़पे थे
अंदर से बहुत चाहते थे, पर बाहर कभी न बहके थे
हर घड़ी अयाचित मर्यादा, करती दोनों की रखवाली
अब तुम्हें भुलाने की साँसों ने की असफल तैयारी है
कैसी अद्भुद लाचारी है।

तुम तन से बहुत अधिक सुन्दर, तुम मन से तो सुन्दरतम थे
सब अलंकार झुठला देते, वे हाव भाव भी अनुपम थे
मादकते मनहर मुस्काना, कहते कहते कुछ रुक जाना
पल पल पलकों को झपकाना, बिन कहे बहुत कुछ कह जाना
तुम अकुलाये से उठ जाते मैं सिसियाये सा रह जाता
जो अंत समय तक नहीं मिटे, अब तक वह शेष खुमारी है
फिर भी कितनी लाचारी है।

जितनी सुगंध साँसों में है, सब घुँघराले बालों की है
जितनी भी कहीं लालिमा है, अधरों की है, गालों की है
जब जब कलियाँ खिलते देखूँ या भवरों का गुनगुन गाना
या कहीं पपीहे की पिऊ-पिऊ या चंदा का छिप-छिप जाना
तब याद तुम्हारी आती है आते-जाते कह जाती है
बोलो कब कब किस राधा को, मिल सका कहाँ बनवारी है
बस इसीलिए लाचारी है।

==================================
122 नारोभास्कर जालौन-285123

Read more...

गीत-डॉ0 मोहन ‘आनन्द’ -- क्या-क्या याद रखूँ, छाया संकट टला नहीं

जुलाई-अक्टूबर 10 ---------- वर्ष-5 अंक-2
-------------------------------------------------------
गीत-डॉ0 मोहन ‘आनन्द’
क्या-क्या याद रखूँ

क्या-क्या याद रखूँ रे मोहन, क्या-क्या जाऊँ भूल।
पल-पल लगी झोंकने दुनिया, इन आँखों में धूल।।
क्या सुन्दर बाज़ार सजा है,
लो खरीद जो मन को भाए।
मन चंचल एकाग्रित ना हो,
पलक-पलक पर पल्टी खा जाए।।
दिखते फूल, पास जाने पर चुभ जाते हैं शूल।
पल-पल लगी झोंकने दुनिया, इन आँखों में धूल।।
जो जो पाया तुम सच मानो,
गाँठ रखा ना, हँसकर बाँटा।
जब भी कदम बढ़ाया पथ पर,
चुभा कठिन दर्दीला काँटा।।
दोनों हाथों दिया, वक्त पर वापस मिला न मूल।
पल-पल लगी झोंकने दुनिया, इन आँखों में धूल।।
किस किसने कब कहाँ-कहाँ
पर, कितना मूल वसूला।
चूक हुई न फिर भी
पल-पल होते आगबबूला।।
चुका-चुका कर हार गया हूँ बेगारी मासूल।
पल-पल लगी झोंकने दुनिया, इन आँखों में धूल।।
डरना सीखा नहीं, समय ने
बहुत सताया, बहुत धकेला।
हर हालत में कठिन पंथ पर
निर्भय चलता रहा अकेला।।
इसी तरह चलता जाऊँगा, काँटे मिलें या फूल।
पल-पल लगी झांकने दुनिया, इन आँखों में धूल।।

==================================

छाया संकट टला नहीं

मानवता के सिर पर छाया संकट टला नहीं,
जला-जलाकर हार गये पर रावण जला नहीं।

अब लगता अनंग होकर वह, हम सबमें घुस आया।
बुद्धि और विवेक के ऊपर साया बनकर छाया।
हार थके पर ढूँढ न पाये, कोई सफल उपाय।
पुतलाओं के खड़े सामने हाथ जोड़ असहाय।।

इस दिखावटी दंभ दहन में दिखता भला नहीं,
जला-जलाकर हार गये पर रावण जला नहीं।

सच पूछो तो अपने दिल में हमने उसे बसाया।
कदम-कदम पर आँख मूँदकर उसका साथ निभाया।
धौंस दिखाते इर्द-गिर्द सब दर्शाते अभिमान।
सिर्फ प्रदर्शित करते हैं हम कालजयी बलवान।।

सच्चाई पर कभी झूठ का खंजर चला नहीं,
जला-जलाकर हार गये पर रावण जला नहीं।

तेरा रावण मेरे रावण पर करता मनमानी।
तेरे मेरे बीच विषमता की है यही कहानी।
तू अपने रावण के वश में फिरता है बौराया।
मुझे समझने कभी न देता दुर्गुण दम्भ हमारा।।

स्वयं सम्भाले बिना सम्भलना होता भला नहीं,
जला-जलाकर हार गये पर रावण जला नहीं।

अगर जलाना चाह रहे हैं रावण कुम्भकरण को।
करना नष्ट समूल सृष्टि पर छाये छद्म वरण को।
अगर चाहते अच्छाई की हो विजय बुराई पर।
तो अंकुश कसना होगा अपने में छुपी बुराई पर।।

कभी दिखावे से देखा है होता भला नहीं,
जला-जलाकर हार गये पर रावण जला नहीं।

==================================
सुन्दरम बंगला,
50 महाबली नगर, कोलार रोड, भोपाल-462042

Read more...

चाहना हो रोशनी की ---- हितेश कुमार शर्मा

नवम्बर 09-फरवरी 10 ------- बुन्देलखण्ड विशेष
---------------------------------------------
गीत ---- चाहना हो रोशनी की
हितेश कुमार शर्मा

शक्ति जब होने लगे कम आदमी की।
तब सही पहचान होती है सभी की।।
दर्द घुटनों में बढ़े चलना कठिन हो,
दस दफा कहना पड़े जब, क्या, कहिन हो,
देखना सुनना बहुत दुस्तर बने जब,
चाहना हो साथ चलने को किसी की।
तब सही पहचान होती है सभी की।।
हो सहज हर वस्तु रखकर भूल जाना,
सोचने पर भी, न कुछ भी याद आना,
स्मृति हो क्षीण माजी याद आये,
आईना बन जाये भाषा बेबसी की।
तब सही पहचान होती है सभी की।।
हाँपनी चढ़ जाए गर्मी में जरा सी,
और सर्दी में उठे दिन रात खाँसी,
दिया बाती के लिए उट्ठे नहीं तन,
और मन में चाहना हो रोशनी की।
तब सही पहचान होती है सभी की।।
पास में कोई न हो जब बोलने को,
और साहस हो न साँकल खोलने को,
अपना साया भी लगे विश्वासघाती,
करें किससे बात अपने मन सरीखी।
तब सही पहचान होती है सभी की।।

गणपति भवन, सिविल लाइन्स, बिजनौर-246701

Read more...

दो गीत

गीत / जुलाई-अक्टूबर 08
------------------------------------
हितेश कुमार शर्मा

(1) अब भारत की बात करो
--------------------------------------------------------------------
छुआ छूत के बन्धन तोड़ो, मत स्वारथ की बात करो।
जनहित और देशहित सोचो, अब भारत की बात करो।।
अब भी बटे रहेंगे हम तो आक्रान्ता छा जायेंगे।
उग्रवाद, आतंक-नक्सली-मानवता खा जायेंगे।
हिन्दी हैं हम हिन्दू हैं हम, हैं केवल हिन्दुस्तानी।
सबके खूँ में मिला हुआ है गंगा-यमुना का पानी।
एक मंच पर सभी खड़े हों पैदा वह हालात करो।
जनहित और देशहित सोचो अब भारत की बात करो।।
ब्राह्मण, क्षत्रिय, शूद्र, वैश्य कह समाज को मत बाँटो।
एक वृक्ष हिन्दुत्व हमारा शाखाओं को मत काटो।
सब समान हैं सबके अन्दर भारत भू की आत्मा है।
सकल विश्व का एक रचयिता परमपिता परमात्मा है।
सब में हो एकात्म-भाव, जाग्रत ऐसे जज्वात करो।
जनहित और देशहित सोचो अब भारत की बात करो।।
संविधान में परिवर्तन हो जात-पात के शब्द हटें।
आरक्षण या तुष्टिकरण के सभी विशेषण तुरत कटे।
सबका केवल मात्र नाम हो, जाति सूचक पूँछ न हो
एक भाव हो राष्ट्र प्रेम का, लम्बी छोटी मूँछ न हो।
स्वतंत्रता की वर्षगांठ पर भेंट यही सौगात करो।
जनहित और देशहित सोचो अब भारत की बात करो।।

------------------------------------------------------------------------------
(2) आओ दीपावली मनायें
------------------------------------------------------------------------------
आओ दीपावली मनायें, हर मुंडेर पर दीप जलायें।
द्वेष, दम्भ, पाखण्ड सरीखे, मन के दुर्गुण दूर भगायें।।
संयम का हो दीप, स्नेह वर्तिका धर्य का तेल भरा हो।
अंधकार को दूर भगाता, हर आंगन में दीप धरा हो।
हर चेहरे पर चमक खुशी की, अंतर्मन में स्नेह खरा हो।
खुशियाँ खील, मिठाई बाँटे, सबको बढ़कर गले लगायें।
आओ दीपावली मनायें।।
सम्बोधन सम्मानयुक्त हों, अपनापन वाणी में छलके।
त्योहारों की परम्परागत प्रीति-रीति प्राणी में झलके।
नई नवल आशाओं के संग, उगे चन्द्रमा दिनकर ढलके।
धरती लगे ज्योति का सागर, आओ ऐसा इसे सजायें।
आओ दीपावली मनायें।।
सबके मन के अंधकार का, दीवाली के दीप हरें तम।
सबका मालिक एक भला फिर, आपस में क्यों बैर करें हम।
सबकी झोली भरे खुशी से, रहे कहीं भी जरा न ग़म।
हर मन की इच्छा पूरी हो, हर आंगन लक्ष्मी जी आयें।
आओ दीपावली मनायें।।
दीवाली से दीवाली तक, भरे रहें भण्डार सभी के।
लक्ष्मी मैया दूर भगा दें, आपद् और विपत सब ही के।
हर घर आंगन उजियारा हो, रहें नहीं चैबारे फीके।
धरती का शृंगार देखकर, चाँद सितारे भी शरमायें।
आओ दीपावली मनायें।।
तुमको शुभ हो, मुझको शुभ हो, दीपावली हम सबको शुभ हो।
आने वाला समय सुखद हो, कुछ भी कहीं न मित्र अशुभ हो।
माँ लक्ष्मी इस दीवाली पर, हर आंगन सुख ही सुख हो।
अपने और पराये सबको, पहुँचें दीपावली की सुकामनायें।
आओ दीपावली मनायें।।

गणपति काम्पलैक्स,
सिविल लाइन्स,
बिजनौर (उ0प्र0) पिन-246701

सूरज उगाना चाहता हूँ

गीत / जुलाई-अक्टूबर 08
------------------------------------
डा0 मोहन ‘आनन्द’

इस कुहासे को हटाना चाहता हूँ,
इक नया सूरज उगाना चाहता हूँ।

छा गई बदली अंधेरे की यहाँ,
ढूंढते न मिल रहा है पथ कहाँ?
आँख पर पट्टी बंधी सी लग रही,
बात सुनकर भी लगे ज्यों अनकही।
आँख से पर्दा उठाना चाहता हूँ,
इक नया सूरज उगाना चाहता हूँ।

खुद करें गलती मगर क्यों दोष दूजों पर मढ़ें,
बांधकर फंदा स्वयं फिर शूलियों पर जो चढ़े।
वक्त की करवट कहें या आदमी की भूल,
हो रहा मजबूर है क्यों चाटने को धूल।
आदमी को आदमी का कद दिखाना चाहता हूं,
इक नया सूरज उगाना चाहता हूं।

चूक जायेगा समय तब, क्या समझ में आयेगा,
सूखने के बाद क्या पानी दिया हरयाएगा।
लुट चुके को भागने से क्या मिलेगा बताओ?
होश में आओ स्वयं मत आग खुद घर में लगाओ।
हो चुके बेहोश उनको होश लाना चाहता हूँ,
इक नया सूरज उगाना चाहता हूँ।

तुम बनो सूरज मिटा डालो अंधेरा,
बीत जाए रात काली हो सबेरा।
प्रलय की पहली किरण झंकार कर दो,
बुझ चुके हारे दिलों में प्यार भर दो।
शाख उजड़ी पर नई कोंपल उगाना चाहता हू,
इक नया सूरज उगाना चाहता हूँ।

सुन्दरम बंगला,
50 महाबली नगर,
कोलार रोड, भोपाल (म0प्र0)

Read more...
चिट्ठाजगत अधिकृत कड़ी

  © Free Blogger Templates Photoblog III by Ourblogtemplates.com 2008

Back to TOP